इंटरनेट डेस्क। भारत और कंगारू टीम के बीच कल से 5 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। वनडे सीरीज के पहले मैच से पहले भारतीय फैंस के लिए बुरी खबर आ रही है। टीम इंडिया के मैच फिनिशर की भूमिका निभाने वाले पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी चोटिल हो गए है।
मीडिया से मिल रही जानकारी के अनुसार महेन्द्र सिंह धोनी आज अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए। धोनी को दाएं हाथ की फॉरआर्म में चोट लगी है। मीडिया से मिल रही जानकारी के अनुसार टीम के सहयोगी स्टाफ के सदस्य से धोनी थ्रोडाउन ले रहे थे, तभी उनकी दाईं बांह के अगले हिस्से में चोट लग गई। जिस कारण इस अनुभवी खिलाड़ी को कुछ दर्द हुआ और एहतियात के तौर पर उन्होंने इसके बाद बल्लेबाजी नहीं की। हालांकि अभी इस बात की कोई पुष्टि नहीं कि धोनी की कितनी गंभीर चोट लगी है। साथ ही ये भी पुष्टि नहीं हुई है कि धोनी पहले वन-डे में खेलेंगे या नहीं।
इसी बीच आपको बता दें कि भारत और कंगारू टीम के बीच वनडे सीरीज से पहले 2 मैचों की टी20 सीरीज खेली गई। इस टी20 सीरीज में भारतीय टीम को हार से सामना करना पड़ा। कंगारू टीम ने टी20 सीरीज में भारत को 2—0 से हराने में कामयाबी हासिल की। वहीं विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया वनडे सीरीज में अपनी विश्व कप टीम को अंतिम रूप देने उतरेगी। इंग्लैंड की धरती पर 30 मई से होने वाला विश्व कप अब तीन महीने दूर रह गया है और टीम इंडिया के पास अपनी विश्व कप टीम को अंतिम रूप देने के लिए यह अंतिम शृंखला है।