Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

 मार्टिन क्रो को पीछे छोड़ने के बाद रॉस टेलर ने मांगी माफी

वेटिंगटन            
रॉस टेलर ने बांग्लादेश के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में 200 रनों की पारी खेलकर दिवंगत मार्टिन क्रो के शतकों की संख्या को पार किया, जिसके बाद उन्होंने अपने मेंटर के लिए प्रार्थना की और माफी मांगी. टेलर का यह 18वां शतक है, जिससे उन्होंने क्रो के 17 शतक के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया.

उनके करियर का यह तीसरा दोहरा शतक है. इस बल्लेबाज ने क्रो की भविष्यवाणी सही साबित करने की अपनी इच्छा पूरी की, जिन्होंने कहा था कि टेलर एक दिन उनके शतकों की संख्या को पीछे छोड़ देगा.

कैंसर के कारण क्रो के निधन के लगभग दो साल बाद 2017 में अपना 17वां शतक जड़ने वाले टेलर ने कहा, ‘मैंने होगन (क्रो) से कहा कि मुझे माफ कर दीजिए कि मैंने यहां पहुंचने के लिए इतना समय लिया.’

उन्होंने कहा, ‘‘जब मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया तो 17 इतनी बड़ी संख्या थी. वहां पहुंचना संभवत: राहत पहुंचाने वाला था और इसके बाद मैं उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पाया. शायद यह मेरे दिमाग में चल रहा था.’ टेलर ने इस पारी के दौरान बेसिन रिजर्व में सर्वाधिक रन बनाने के क्रो के रिकॉर्ड को भी तोड़ा.

रॉस टेलर के दोहरे शतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से न्यूजीलैंड ने वर्षा से प्रभावित दूसरे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन जीत की ओर कदम बढ़ाए.

मैच में पहले दो दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ गया था. बांग्लादेश की टीम पहली पारी में 211 रन ही बना सकी थी, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड ने रॉस टेलर (200), हेनरी निकोल्स (107) और कप्तान केन विलियमसन (74) की पारियों की बदौलत छह विकेट पर 432 रन पर बनाने के बाद पारी घोषित की.

बांग्लादेश ने दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में तीन विकेट पर 80 रन बनाए है. टीम अब भी पहली पारी के आधार पर 141 रन से पीछे है.