Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आज विराट कोहली और एबी डिविलियर्स बना सकते हैं ये रिकॉर्ड

खेल डेस्क। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कप्तान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के पास आज अपने घरेलू मैदान पर तीन बार की चैम्पियन मुम्बई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले में रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा।

अगर विराट कोहली इस मुकाबले में वह 46 रन बना लेते हैं तो वो आईपीएल करियर में सबसे तेज पांच हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। इस मामले में वह चेन्नई सुपर किंग्स के बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना का कीर्तिमान ध्वस्त कर देंगे। रैना ने आईपीएल-12 के उद्घाटन मैच में अपने पांच हजार रन पूरे किए थे। यह उनकी 177 मैचों की 173 पारी थी। अब उनके आईपीएल में 34.24 की औसत से 5034 रन हो गए हैं।

वहीं विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 164 मैचों की 156 की पारियों में 4954 रन बना चुके हैं। विराट कोहली के नाम आईपीएल करियर में चार शतक और 34 अर्धशतक हैं। इनका इस भारतीय टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 113 रन रहा है। आरसीसी के बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के पास भी आईपीएल में चार हजार रन पूरे करने का मौका है।

आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर मुम्बई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा है। रोहित शर्मा 174 मैचों की 169 पारियों में 4507 रन बना चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 109 रन रहा है। वहीं गौतम गंभीर (4217) चौथे, रॉबिन उथप्पा (4188) पांचवें, शिखर धवन (4152) छठे, डेविड वार्नर (4099) सातवें, क्रिस गेल (4093) आठवें, पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी (4048) नौवें और एबी डिविलियर्स (3962) दसवें नम्बर पर है।