खेल डेस्क। वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल ने शनिवार को अपने देश में खेली गई अन्तिम वनडे पारी में भी एक रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पांच मैचों की वनडे शृंखला के अन्तिम मुकाबले में धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल ने 27 गेंदों में 77 रन की तूफानी पारी खेल अपनी टीम को मेहमान टीम पर केवल 12.1 ओवर में जीत दिला दी। इस दौरान क्रिस गेल ने 19 गेंद में ही अर्धशतक पूरा कर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले वेस्टइंडीज के खिलाड़ी बन गए हैं। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 9 छक्के लगाए।
गेल ने पांच मैचों की इस शृंखला में 39 छक्के लगाकर नया कीर्तिमान बना लिया है। अब किसी भी बल्लेबाज के लिए एक सीरीज में सर्वाधिक छक्के लगाने का क्रिस गेल का ये कीर्तिमान ध्वस्त करना आसान नहीं होगा। इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई इस सीरीज में गेल ने 106 की औसत से 424 रन बनाए। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
ग्रास आइलेट में शनिवार को खेले गए अन्तिम वनडे में ओशाने थामस की तूफानी गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड की टीम 28.1 ओवर में 113 रन पर ढेर हो गई। थामस ने 21 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने गेल की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत 12.1 ओवर में तीन विकेट पर 115 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। इसके साथ ही पांच मैचों की वनडे शृंखला 2-2 के साथ ड्रॉ हो गई।