Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारतीय पुरुष टीम ने शतरंज चैंपियनशिप में ईरान से ड्रॉ खेला

अस्ताना 
ग्रैंडमास्टर बी अधिबान ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए विश्व जूनियर चैंपियन परहाम माघसोड्लो को हराया जिससे भारत ने यहां विश्व टीम शतरंज चैंपियनशिप में ईरान को 2-2 से बराबरी पर रोका। इदानी पोया ने अनुभवी कृष्णन शशिकिरण को हराकर मुकाबले को ड्रा कराया। सूर्य शेखर गांगुली और एसपी सेतुरमन ने क्रमश: आमिन तबाताबेई और फिरोजा अलिरजा से ड्रा खेले। इस ड्रॉ से भारतीय टीम ने संभावित चार में से तीन अंक जुटा लिए हैं और चौथे स्थान पर चल रही है। प्रत्येक दो साल में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नमेंट में अभी सात दौर का खेल बाकी है। दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अमेरिका ने किया जिससे अपने शीर्ष खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में भी गत चैंपियन चीन को 2.5-1.5 से हराया। अन्य मुकाबलों में रूस ने मिस्र को 3-1 से हराया जबकि इंग्लैंड ने अजरबेजान को शिकस्त दी। 

अमेरिका, रूस और इंग्लैंड चार-चार अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। महिला वर्ग में भी भारत को कजाखस्तान ने 2-2 की बराबरी पर रोका। भक्ति कुलकर्णी ने गुलमिरा दोलेतोवा को शिकस्त दी जबकि इशा करावदे ने झानसाया अब्दुमलिक और सौम्या स्वामिनाथन ने दिनारा सादुआकासोवा को बराबरी पर रोका। बिबिसा असायुबायेवा ने पद्मिनी राउत को हराकर कजाखस्तान के लिए अंक सुनिश्चित किए। भारतीय महिला टीम के दो मैचों में दो अंक हो गए हैं और टीम आर्मेनिया के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर चल रही है। टीम ने पहले मैच में जार्जिया से ड्रा खेला था।