Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

रोजर फेडरर और क्वीतोवा क्वार्टरफाइनल में

मियामी
स्विस मास्टर रोजर फेडरर, चेक गणराज्य की पेत्रा क्वीतोवा और चीन की वांग कियांग ने यहां अपने अपने मुकाबले जीतकर मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। अपने करियर के 101वें खिताब से चंद कदम दूर फेडरर ने सर्बिया के फिलिप क्राजिनोविच को लगातार सेटों में 7-5, 6-3 से हराकर पुरूष एकल क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया। उनका अगले दौर में मुकाबला दानिल मेदवेदेव से होगा जिन्होंने अमेरिका के रिली ओपेल्का को जबरदस्त संघर्ष में 7-6, 6-7, 7-6 से हराया। विश्व के 103वें नंबर के खिलाड़ी क्राजिनोविच ने हालांकि स्विस मास्टर को आसान जीत हासिल करने नहीं दी। फेडरर ने मियामी में करियर की 52वीं जीत दर्ज करते हुये अंतिम आठ में प्रवेश कर लिया। वहीं महिलाओं में विश्व की तीसरे नंबर की क्वीतोवा ने चौथे दौर में फ्रांस की कैरोलीन गार्सिया को लगातार सेटों में 6-3, 6-3 से पराजित किया। सेंटर कोर्ट पर क्वीतोवा का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा और उन्होंने गार्सिया के खिलाफ 26 विनर्स लगाते हुये  बारिश के कारण दो घंटे तक प्रभावित रहे मैच को लगातार सेटों में जीत लिया।

गार्सिया का पहला सर्विस गेम संतोषजनक नहीं रहा और क्वीतोवा को शुरूआती ब्रेक मिल गया जिन्होंने इसका फायदा उठाकर 2-0 की बढ़त बना ली और फिर लगातार अंक बटोरती रहीं। क्वीतोवा ने दूसरे सेट में भी इसी बढ़त को कायम रखा और 3-1 की बढ़त बनाई। हालांकि 5-2 के स्कोर पर बारिश से मैच रोक देना पड़ा और दो घंटे बाद मैच शुरू हुआ जिसे चेक खिलाड़ी ने सर्व के साथ जीत लिया। दूसरी ओर 18वीं वरीय चीनी खिलाड़ी ने करियर में पहली बार क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। उन्होंने हमवतन वांग यफान को एक घंटे 45 मिनट में 7-5, 6-4 से हराया। वांग की यफान के खिलाफ करियर के सात मैचों में यह छठी जीत भी है।