अकापुल्को
आॅस्टेलिया के निक किर्गियोस ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां मैक्सिको ओपन में तीसरी वरीयता प्राप्त जान इस्नर को करीबी मुकाबले में शिकस्त देकर फाइनल में जगह पक्की की। विश्व रैकिंग में 72वें स्थान पर 23 साल के काबिज किर्गियोस ने इस्नर को 7-5, 5-7, 7-6 से हराया। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 17 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता राफेल नडाल और तीन बार के ग्रैंड स्लैम विजेता स्टैन वावरिंका को शिकस्त दी है। जर्मनी के दूसरी वरीयता ज्वेरेव ने एक अन्य सेमीफाइनल में ब्रिटेन के कैमरून नोर्रे को 7-6, 6-3 से शिकस्त दी। महिलाओं के सेमीफाइनल में चीन की वांग याफेन ने तीसरी वरीयता क्रोएशिया की डोन्न वेचिक को 2-6, 6-3, 6-1 से हराकर पहली बार डब्ल्यूटीए टूर के फाइनल में पहुंची। फाइनल में उनका सामना पांचवीं वरीय अमेरिका की सोफिया केनिन से होगा। सोफिया ने दूसरे सेमीफाइनल में कनाडा की बियांका एंड्रीस्क्यू को 6-4, 3-6, 7-5 से परास्त किया।