Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

महेंद्र सिंह धोनी और केदार जाधव की साझेदारी बेमिसाल : कोहली

हैदराबाद
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने शनिवार को यहां आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में जीत का श्रेय गेंदबाजों के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी और हरफनमौला केदार जाधव की साझेदारी को दिया। धोनी (72 गेंदों पर नाबाद 59 रन) और जाधव (87 गेंदों पर नाबाद 81 रन) ने पांचवें विकेट के लिये 141 रन की अटूट साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। कोहली ने कहा कि  जिस तरह केदार और धोनी ने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी वह देखना शानदार था। जडेजा ने किफायती गेंदबाजी की और दस ओवर में 35 से भी कम रन दिये। उसका क्षेत्ररक्षण भी कमाल का है। शमी ने वनडे में खुद को बेहतरीन तरीके से ढाला। वह पूरी तरह फिट है और जिस तरह उन्होंने मैक्सवेल का विकेट लिया वह कमाल का था। वह विश्व कप के लिए तैयार दिख रहे।

आॅस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 236 रन बनाये। भारत ने 10 गेंद शेष रहते चार विकेट के नुकसान पर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। भारतीय कप्तान ने कहा कि यह मुश्किल मैच था। मुझे लगता है कि हमने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। हमारे गेंदबाजों को उतनी मदद नहीं मिली जैसा दूधिया रोशनी में आॅस्ट्रेलिया के गेंदबाजों को मिली। मैन आॅफ द मैच जाधव ने कहा कि वह अपनी गेंदबाजी के बारे में ज्यादा सोचते नहीं और इसका लुत्फ उठाते हैं। बल्ले से शानदार पारी खेलने से पहले जाधव ने गेंद भी कमाल किया। उन्होंने सात ओवर में 31 रन देकर मार्क्स स्टोइनिस का विकेट लिया। उन्होंने कहा कि मेरी गेंदबाजी की सबसे अच्छी बात यह है कि इस बारे में ज्यादा सोचता नहीं हूं। धोनी के साथ साझेदारी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि आॅस्ट्रेलिया में भी हमने ऐसी ही साझेदारी की थी। जब दूसरे छोर पर धोनी मौजूद हो तो आपको ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं होती है। मैंने उनसे काफी कुछ सीखा है। मुझे लगता है कि मैं ज्यादा शॉट खेलने की कोशिश करता हूं और वह कहते है कि टीम की जरूरत है कि टिककर खेलूं। आॅस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने कहा कि हमने 20 से 30 रन कम बनाये। पहला विकेट जल्दी गंवाने के बाद हमें बड़ी साझेदारी करनी चाहिये थी। हमारे गेंदबाजों ने हालांकि शानदार प्रदर्शन किया, उन्होंने लगातार अंतराल पर विकेट लिये।