लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क : भारत वनडे इतिहास में दो मैच जीतकर पहली बार वनडे सीरीज हारी है. ऐसा अभी तक वनडे इतिहास में नहीं हुआ था. कल दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में खेले गए पांच मैचों की वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 35 रन से हरा दिया था. इस हार से भारतीय कप्तान विराट कोहली बहुत ही नाराज दिखे.
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला गंवाने के बाद बुधवार को यहां स्पष्ट किया कि उन्होंने विश्व कप के लिए अंतिम एकादश लगभग तय कर ली है.
ऑस्ट्रेलिया ने पांचवें और निर्णायक मुकाबले में भारत को 35 रन से हराकर श्रृंखला 3-2 से अपने नाम की. कोहली ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, विश्व कप के लिए अंतिम एकादश लगभग तय है और परिस्थितियों के अनुसार इसमें एक-दो फेरबदल हो सकते हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला से पहले कोहली ने कहा था कि विश्व कप के लिए जाने वाली टीम में दो जगहों को भरना है लेकिन श्रृंखला के बाद उन्होंने कहा कि अब सिर्फ एक स्थान के बारे में चर्चा की जानी है.
बल्लेबाजी में चौथे नंबर और टीम में दूसरे विकेटकीपर को लेकर को भम्र की स्थिति बरकरार है लेकिन भारतीय कप्तान ने कहा कि इसे ‘सुलझाया’ जा चुका है. कोहली ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, हमने टीम की रूप-रेखा लगभग तैयार कर ली है. अब यह खिलाड़ी को उनकी जिम्मेदारी के बारे में बताने और उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करने के बारे में है. हम बिल्कुल भी भ्रमित नहीं है. शायद एक ही जगह है जिसके लिए चर्चा की जरूरत है.
The post ऑस्ट्रेलिया से सीरीज गंवाने के बाद बोले विराट, वर्ल्डकप के लिए ‘प्लेइंग इलेवन’ तय appeared first on Live Cities.