जयपुर। पहले संस्करण की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स आईपीएल के 12वें संस्करण की शुरुआत आज अपने घरेलू सवाईमान सिंह मैदान पर किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ करेगी। मेजबान टीम का लक्ष्य इस मुकाबले को जीत कर टूर्नामेंट में विजयी आगाज करने का होगा। वहीं मेहमान टीम पहली बार इस मैदान पर जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ उतरेगी। सवाई मानसिंह स्टेडियम पर पंजाब आज तक एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी है।
वैसे आईपीएल के रिकॉर्ड की बात की जाएं तो इसमें राजस्थान रॉयल्स का पलड़ा भारी रहा है। अब तक राजस्थान और पंजाब के बीच 17 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 10 में राजस्थान रॉयल्स को जीत मिली है जबकि सात में उसे हार का सामना करना पड़ा है। आज के मुकाबले में स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है।
सवाईमान सिंह स्टेडियम की पिच पर बहुत अधिक उछाल नहीं है, इसका पंजाब के स्पिनर फायदा उठा सकते हैं। हालांकि मेजबान टीम के लिए घरेलू परिस्थितियों की समझ और घरेलू समर्थन फायदेमंद साबित हो सकता है। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ और क्रिस गेल आकर्षण का केन्द्र होंगे। इस मुकाबले के लिए सवाईमानसिंह स्टेडियम को पिंक थीम पर सजाया गया है।
राजस्थान रॉयल्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), स्टीवन स्मिथ, मनन वोहरा, आर्यमन बिरला, राहुल त्रिपाठी, शशांक सिंह, लियाम लिविंगस्टोन, रियान पराग, बेन स्टोक्स, स्टुअर्ट बिन्नी, शुभम रंजन, एश्टन टर्नर, महिपाल लोमरोर, जोफरा आर्चर, श्रेयस गोपाल, कृष्ण गोपाल, जोस बटलर, संजू सैमसन, प्रशांत चोपड़ा, ईश सोढ़ी, जयदेव उनादकट, धवल कुलकर्णी, वरुण आरोन, ओशन थॉमस, सुदेशान मिधुन।
किंग्स इलेवन पंजाब: रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), मयंक अग्रवाल, अर्शदीप सिंह मुरुगन अश्विन, अग्निवेश अयाची, सैम कुरैन, क्रिस गेल, हरप्रीत बराड़, मोइसेस हेनरिक्स, सरफराज खान, मंदीप सिंह, डेविड मिलर, मोहम्मद शमी, मुजीब उर रहमान, करुण नायर, दर्शन, निकोलस पूरण, लोकेश राहुल, अंकित राजपूत, सिमरन सिंह, वरुण चक्रवर्ती और एच विलोजेन।