Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

एशियाई चैम्पियनशिप के लिये भारतीय टीम में शामिल नीरज और हिमा

नयी दिल्ली
स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा को बुधवार को दोहा में अगले महीने होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप के लिये भारत की 39 सदस्यीय टीम की अगुवाई के लिये चुना गया जबकि हिमा दास भी हाल के लचर प्रदर्शन के बावजूद 400 मीटर स्पर्धा में जगह बनाने में सफल रहीं। राष्ट्रीय रिकार्डधारी मोहम्मद अनस (400 मीटर), जिनसन जानसन (800 मीटर और 1500 मीटर), धारूण अय्यासैमी (400 मीटर बाधा दौड़), अविनाश साबले (3000 मीटर स्टीपलचेज), तेजिंदर पाल सिंह तूर (गोला फेंक), दुती चंद (200 मीटर) और अनु रानी (भाला फेंक) को टीम में शामिल किया गया। तेजस्विन शंकर (ऊंची कूद) और एम श्रीशंकर (लंबी कूद) -दोनों राष्ट्रीय रिकार्डधारी- को अलग अलग कारणों से टीम से बाहर रखा गया जबकि सीमा अंतिल (चक्का फेंक) और अर्पिंदर सिंह (त्रिकूद) ने साल के अंत में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप पर ध्यान लगाने के लिये इससे हटने का फैसला किया। हाल में एक विशेष पदार्थ के लिये पाजीटिव पाए जाने वाली संजीवनी जाधव को भी 10,000 मीटर स्पर्धा के लिये टीम में चुना गया है, बशर्तें उन्हें नाडा से हरी झंडी मिल जाये।