लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज दूसरा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेला जाएगा. आत्मविश्वास से भरी टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर में मंगलवार को होने वाले दूसरे वनडे में जीत का चौका लगाने और सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने के मजबूत इरादे से उतरेगी. विराट कोहली की अगुआई में भारत ने शनिवार को पहले वनडे में 6 विकेट से जीत हासिल की थी.
विश्व कप से पहले भारत को अब सिर्फ चार वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच और खेलने हैं. ऐसे में मेजबान टीम ‘दो उपलब्ध स्थानों’ के लिए सही विकल्प चुनने की कोशिश करेगी. बाकी खिलाड़ियों का टीम में स्थान लगभग तय है. हैदराबाद में विफल रहे शिखर धवन को एक और मौका मिलने की उम्मीद है. ऐसे में लोकेश राहुल के खेलने की संभावना कम है, लेकिन अगर उन्हें मौका मिलता है तो वह इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे.

यहां कंगारू टीम के खिलाफ ही शतक जड़ चुके उप कप्तान रोहित शर्मा किसी भी आक्रमण को ध्वस्त करने में सक्ष्म हैं. कोहली के साथ उनकी जोड़ी शानदार है. कप्तान कोहली ने पहले वनडे मैच में 44 रन बनाए थे. ये दोनों अगर एक साथ चल जाते हैं तो फिर मेहमान टीम की परेशानी बढ़ सकती है. महाराष्ट्र के केदार जाधव ने पहले मैच में नाबाद 81 रन की पारी खेल फिनिशर की अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने छठें नंबर पर अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. वह ऑफ स्पिन गेंदबाजी की क्षमता के कारण बेहतर विकल्प हैं. एमएस धौनी ने भी पहले मैच में पचासा जड़ा जिससे कोच रवि शास्त्री की चिंता कुछ कम हुई होगी.
भारतीय टीम के ऑलराउंडर विजय शंकर की जगह ऋषभ पंत को मौका दे सकती है. विजय पहले मैच में गेंद से प्रभावित करने में नाकाम रहे थे. गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई डेथ ओवरों में विशेषज्ञ जसप्रीत बुमराह करेंगे, जबकि उनका साथ मोहम्मद शमी निभाएंगे. कुलदीप यादव स्पिन की अगुआई कर रहे हैं और बीच के ओवरों में प्रभावी रहे हैं. यह देखना रोचक होगा कि पहले वनडे में नाकाम रहे जडेजा को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या फिर चहल की वापसी होती है.
ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच जस्टिन लैंगर के लिए कप्तान एरोन फिंच की फॉर्म चिंता का सबब बनती जा रही है. टी-20 सीरीज में शून्य और 8 रन की पारियां खेलने वाले एरोन फिंच पहले वनडे में खाता खोलने में नाकाम रहे थे.
The post IND vs AUS : ऑस्ट्रेलिया पर जीत का चौका लगाने उतरेगा टीम इंडिया appeared first on Live Cities.