Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

IPL-12: पृथ्वी के शो के बाद रबादा की रफ्तार ने दिल्ली को कोलकाता पर दिलाई जीत

लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क : अपने टेस्ट पदार्पण में शतक जड़कर मुंबई के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (99 रन,  55 गेंद, तीन छक्के, 12 चौके) ने दिखा दिया था कि उनके अंदर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा बल्लेबाज बनने की क्षमता है. पिछले सत्र में दिल्ली के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले पृथ्वी का इस सत्र के शुरुआती दो मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा था.

मुंबई के खिलाफ सात रन पर आउट होने के बाद उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से मुंबई के वानखड़े स्टेडियम में बल्लेबाजी के कुछ टिप्स लिए. इसका फायदा उन्हें यहां फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में शनिवार को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मिला, जब इस दायें हाथ के बल्लेबाज ने 55 गेंदों में 99 रनों की पारी खेलकर दिल्ली कैपिटल्स को जीत की दहलीज पर पहुंचाया था. हालांकि मैच टाई हुआ और सुपर ओवर में गया. सुपर ओवर में कोलकाता नाइटराइडर्स को जीत के लिए 11 रनों की जरूरत थी, लेकिन कैगिसो रबादा ने शानदार यॉर्कर डालते हुए दिल्ली को तीन रनों से जीत दिला दी.

छह गेंद और छह रन

इससे पहले दिल्ली को अंतिम छह गेंद पर छह रनों की जरूरत थी और क्रीज पर कोलिन इंग्राम और हनुमा विहारी थे. कोलकाता के कप्तान ने अपने सबसे मुख्य स्पिनर चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को बचाकर रखा था. पहली चार गेंदों पर चार रन बनने के बाद पांचवी गेंद पर हनुमा विहारी आउट हो गए और अब एक गेंद पर दो रनों की जरूरत थी. कुलदीप ने अंतिम गेंद पर सिर्फ एक रन दिया और मैच टाई हो गया. कोलकाता के आठ विकेट पर 185 रनों के जवाब में दिल्ली इतने ही रन छह विकेट खोकर बना पाई. अपने पहले स्पैल में कुलदीप महंगे साबित हुए थे और दो ओवर में 33 रन दिए थे और एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए थे. लेकिन अपने दूसरे स्पैल में कुलदीप ने दो ओवर में आठ रन देकर दो विकेट झटके, जिसमें अंतिम ओवर में पांच रन शामिल है.

सुपर ओवर

सुपर ओवर में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी की और रिषभ पंत व श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए, लेकिन अय्यर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हो गए. दिल्ली की टीम एक विकेट पर छह गेंद पर 10 रन ही बना पाई. जवाब में कोलकाता की ओर से आंद्रे रसेल और कप्तान दिनेश कार्तिक बल्लेबाजी करने उतरे और दिल्ली की तरफ से गेंदबाज कैगिसो रबादा थे. रबादा ने पहली गेंद पर चौका खाने के बाद अच्छी वापसी की और दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं दिया. उन्होंने तीसरी गेंद पर रसेल को बोल्ड कर दिया. फिर अंतिम तीन गेंदों पर एक-एक रन देकर अपनी टीम को जीत दिलाई. दिल्ली की यह अपने घर में कोलकाता पर लगातार दूसरी जीत है. इससे पहले दिल्ली ने कोलकाता को 54 रनों से हराया था. दिल्ली अपना पिछला मैच गंवाने के बाद फिर से जीत की पटरी पर लौट आई.

186 रनों का लक्ष्य का पीछ करने उतरी दिल्ली को शुरुआत में शिखर धवन (16) का विकेट गंवाना पड़ा. लेकिन इसके बावजूद शॉ ने अपने आक्रामक खेल में कोई कमी नहीं आने दी. इस दायें हाथ के बल्लेबाज ने शानदार मैच जीताने वाली पारी खेलकर भारतीय चयनकर्ताओं के लिए भी कुछ सिरदर्दी बढ़ा दी होगी, क्योंकि मई में होने वाले विश्व कप के लिए भारत को अतिरिक्त सलामी बल्लेबाज की जरूरत है जहां लोकेश राहुल को तरजीह दी जा रही है. हालांकि वह 99 रन पर लंबा शॉट खेलने के चक्कर में लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर कार्तिक को कैच दे बैठे. शॉ की 99 रनों की आइपीएल में सर्वश्रेष्ठ पारी है.

पंजाब ने मुंबई को आठ विकेट से दी मात

ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट के लंबे प्रारूप में खराब फॉर्म के बाद कॉफी विद करण विवाद, केएल राहुल के लिए पिछले कुछ महीनों में काफी कुछ ठीक नहीं रहा. यहां तक कि राहुल के विश्व कप टीम में स्थान पर भी संशय पैदा होने लगा. शनिवार को जब किंग्स इलेवन पंजाब की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ उतरी, तो राहुल ने बीती सभी मुसीबतों को दूर रखते हुए एक ऐसी पारी खेली, जिसमें वह पुराने रंग में लौटते दिखे. राहुल ने 57 गेंद में नाबाद 71 रन की पारी खेलकर किंग्स इलेवन पंजाब को 18.4 ओवर में ही 177 रन के लक्ष्य तक पहुंचाकर आठ विकेट से शानदार जीत दिला दी. राहुल के अलावा मयंक अग्रवाल ने 43 रनों की बेहतरीन पारी खेली. मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 176 रन बनाए थे.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब के बल्लेबाज यह अच्छे से जानते थे कि मोहाली के मैदान पर इस लक्ष्य को हासिल करना मुश्किल नहीं है. ऐसा इसीलिए, क्योंकि पंजाब इस मैदान पर अपने पिछले चार मुकाबले जीत चुकी थी. एक अच्छी शुरुआत उन्हें मैच में जीत दिला सकती थी. समस्या सिर्फ थी तो राहुल की फॉर्म. हालांकि टीम प्रबंधन ने उन पर विश्वास दिखाया और इस बार राहुल चूके नहीं. क्रिस गेल (24 गेंद में 40 रन) के साथ उन्होंने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली, लेकिन 53 के स्कोर पर गेल, राहुल का साथ छोड़ गए. क्रुणाल पांड्या ने गेल को अपने भाई हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया. इसके बाद मयंक ने राहुल का साथ दिया.

राहुल की फॉर्म के बारे में गेल और मयंक अच्छे से जानते थे. ऐसे में दोनों ही बल्लेबाजों ने राहुल पर दबाव नहीं पड़ने दिया. गेल के बाद मयंक ने भी खुलकर शॉट खेले और देखते ही देखते स्कोर 100 रनों के पार पहुंच गया. इस बीच 113 रन के कुल स्कोर पर मयंक को क्रुणाल ने अपनी ही गेंद पर अच्छा कैच लपककर पवेलियन भेजा. तब तक राहुल को क्रीज पर अच्छे से समय बिताने का मौका मिल गया था. ऐसे में राहुल ने जल्द ही अपना अर्धशतक पूरा किया और आखिर में डेविड मिलर के साथ मिलकर अपनी टीम को आठ गेंद शेष रहते आठ विकेट से शानदार जीत दिला दी. यह पंजाब की तीन मैचों में दूसरी जीत है.

इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. मुंबई की टीम की शुरुआत तेज व अच्छी रही. कप्तान व सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (32 रन, 18 गेंद, पांच चौके) व क्विंटन डिकॉक (60 रन, 39 गेंद, दो छक्के, छह चौके ) ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 5.2 ओवर में टीम के स्कोर को 51 रन तक पहुंचा दिया. खतरनाक दिख रही जोड़ी को पंजाब के गेंदबाज विल्जोन ने तोड़ा. उन्होंने रोहित शर्मा को 32 रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू कर टीम को पहली सफलता दिलाई. दूसरी तरफ, डिकॉक एक छोर संभाले हुए थे. रोहित के बाद बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार यादव भी 11 रन पर ही आउट हो गए. उनके अलावा कीरोन पोलार्ड (7), युवराज सिंह (18), हार्दिक (31) और क्रुणाल ने 10 रन का योगदान दिया.

आज के मैच

हैदराबाद बनाम बेंगलुरु, हैदराबाद
शाम चार बजे
चेन्नई बनाम राजस्थान, चेन्नई
रात आठ बजे

The post IPL-12: पृथ्वी के शो के बाद रबादा की रफ्तार ने दिल्ली को कोलकाता पर दिलाई जीत appeared first on Live Cities.