Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

T-20: इंग्लैंड से हारी भारतीय महिला टीम, मिली लगातार 5वीं शिकस्त

       इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में सोमवार को भारतीय महिला क्रिेकेट टीम को 41 रनों के बड़े अंतर से मात दी. स्मृति मंधाना की कप्तानी में पहली बार मैदान पर उतरी भारतीय टीम को जीत के लिए 161 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम 20 ओवरों में छह विकेट पर 119 रन ही बना सकी. दूसरा टी-20 गुरुवार को खेला जाएगा.

इंग्लैंड के लिए सलामी बल्लेबाज टैमी ब्युमोंट ने 57 गेंदों में सर्वाधिक 62 रन बनाए, जबकि कप्तान हीथर नाइट ने 20 गेंदों में 40 रन की तूफानी पारी खेली, जिससे उसने चार विकेट पर 160 रन बनाए. भारतीय टीम के लिए इस प्रारूप में यह लगातार 5वीं हार है. यह दिखाता है कि कोच डब्ल्यूवी रमण की टीम को अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप से पहले काफी मेहनत करनी होगी.

इससे पहले न्यूजीलैंड दौरे पर भी वनडे सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम तीन मैचों की टी-20 सीरीज में एक भी मैच नहीं जीत सकी थी. इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज भी उसी दिशा में बढ़ती दिख रहा है, क्योंकि अंतिम वनडे और फिर इस मुकाबले को जीतने के बाद इंग्लैंड का मनोबल बढ़ा हुआ है.

टी-20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे कम उम्र में कप्तानी करने वाली 22 साल की मंधाना ने मैच के बाद कहा कि अंतिम ओवरों में भारत को सटीक गेंदबाजी करनी होगी.

इससे पहले सलामी बल्लेबाजों ब्युमोंट और डेनियल वायट (34 गेंदों में 35 रन) ने 89 रनों की साझेदारी कर इंग्लैंड को शानदार शुरुआत दिलाई. कप्तान नाइट ने अंतिम ओवरों में 20 गेंदों की पारी में सात चौके लगाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही और लय में चल रही मंधाना सहित शुरुआती तीन बल्लेबाज 23 रनों के अंदर पवेलियन लौट गईं.

सीनियर खिलाड़ी मिताली राज (11 गेंद में सात रन) और वापसी कर रहीं वेदा कृष्णमूर्ति (15) ने भी निराश किया. आखिर में दीप्ति (नाबाद 22), अरुंधति (18) और शिखा (नाबाद 23) ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन यह टीम के लिए काफी नहीं था.