Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईपीएल में 100 जीत हासिल करने से सिर्फ एक कदम दूर हैं धोनी

 
नई दिल्ली

चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने नाम एक और रेकॉर्ड दर्ज कर सकते हैं। धोनी आईपीएल के इतिहास में 100 जीत दर्ज करने वाले पहले कप्तान बनने से सिर्फ एक कदम दूर हैं। 

गुरुवार को सीएसके का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के साथ है। दोनों टीमों के आपसी मुकाबलों पर नजर डालें तो धोनी के लिए यह रेकॉर्ड बहुत मुश्किल नजर नहीं आता है। अभी तक आईपीएल में चेन्नै और राजस्थान के बीच हुए 20 मुकाबलों में चेन्नै ने 13 में जीत हासिल की है जबकि राजस्थान की टीम ने सात मैच जीते हैं। इस सीजन में जब राजस्थान की टीम ने चेन्नै के खिलाफ मुकाबला खेला था तब उसे 8 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। 

इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा मैच में कप्तानी करने का रेकॉर्ड भी धोनी के ही नाम है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान ने आईपीएल में कुल 165 मैचों में कप्तानी की है। इनमें से 99 मुकाबलों में जीत हासिल की है। धोनी की कप्तानी में उनकी टीम (चेन्नै और राइजिंग पुणे सुपरजायंट) ने 65 मुकाबले हारे हैं और एक मैच का नतीजा नहीं निकला। 

इंडियन प्रीमियर लीग में 129 मुकाबलों में कप्तानी के साथ गौतम गंभीर दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 71 मैच जीते हैं। हालांकि गंभीर ने अब क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। मौजूदा कप्तानों में देखें तो रोहित शर्मा 94 मैचों में से 54 जीत के साथ दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं। वहीं विराट कोहली ने 102 में से 44 मुकाबले जीते हैं। इसी आईपीएल में चेन्नै सुपर किंग्स को हराकर मुंबई इंडियंस आईपीएल में 100 मैच जीतने वाली पहली टीम बनी थी। दो साल तक आईपीएल से बाहर रही चेन्नै सुपर किंग्स 95 जीत के साथ दूसरे पायदान पर है। 

अंक तालिका में भी चेन्नै 10 अंकों के साथ टॉप पर है वहीं राजस्थान की टीम ने 5 में से सिर्फ एक मैच जीता है और वह सातवें पायदान पर है। राजस्थान को अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था वहीं चेन्नै ने अपने पिछले मैच में कोलकाता को 7 विकेट से मात दी थी।