खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (114) और डेविड वार्नर (नाबाद 100) ने इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण में एक बार फिर से सनराइजर्स हैदराबाद को तूफानी शुरुआत दी है। हैदराबाद के राजीव गांधी अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर खेले जा रहे इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाए।
जॉनी बेयरस्टो (114) और डेविड वार्नर (नाबाद 100) ने पहले विकेट के लिए 16.2 ओवरों में 185 रन की साझेदारी की। जॉनी बेयरस्टो ने तीसरे ही मैच में अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाया। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान 56 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और सात छक्के लगाए।
डेविड वार्नर ने आईपीएल में चौथा शतक लगाया। इसके साथ ही वह इस टूर्नामेंट में चार शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले इस सत्र के पहले मैच में डेविड वार्नर ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 85 और दूसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 69 रन बनाए थे। डेविड वार्नर ने 55 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के लगाए। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था।
सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), विजय शंकर, मनीष पांडे, मोहम्मद नबी, युसूफ पठान, दीपक हुड्डा, राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, सिद्धार्थ कौल, एस शर्मा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु: पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), मोइन अली, विराट कोहली, एबी डीविलियर्स, एस हेटमेयर, ग्रैंडहोमे, एस दुबे, यजुवेन्द्र चहल, पीआर बर्मन, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज।