Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईपीएल-12: हैदराबाद-बेंगलुरू मैच में बने ये बड़ेे रिकॉर्ड

खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (114) और डेविड वार्नर (नाबाद 100) की तूफानी शतकीय पारियों की सहायता से इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण में रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु को 118 रन से शिकस्त दी।

हैदराबाद के राजीव गांधी अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाए। इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरू 19.5 ओवर में केवल 113 रन पर ही ढेर हो गई। हैदराबाद की ओर से मोहम्मद नबी ने 11 रन देकर चार और संदीप शर्मा ने 19 रन देकर तीन विकेट लिए। यह सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल में सबसे बड़ी जीत है।

इससे पहले जॉनी बेयरस्टो (114) और डेविड वार्नर (नाबाद 100) ने पहले विकेट के लिए 16.2 ओवरों में 185 रन की साझेदारी की। यह आईपीएल में पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड कोलकाता नाइट राइडर्स के गौतम गंभीर और क्रिस लिन के नाम था। इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने 2017 में गुजरात लॉयंस के खिलाफ पहले विकेट के लिए 184 रन की सबसे बड़ी साझेदारी की थी। आईपीएल में पहली बार किसी एक पारी में दोनों समाली बल्लेबाजों ने शतक लगाए हैं।

जॉनी बेयरस्टो ने तीसरे ही मैच में अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाया। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान 56 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और सात छक्के लगाए। डेविड वार्नर ने आईपीएल में चौथा शतक लगाया। इसके साथ ही वह इस टूर्नामेंट में चार शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये उपलब्धि विराट कोहली और शेन वाटसन के नाम थी। डेविड वार्नर ने 55 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के लगाए।