खेल डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण में अभी तक कई रिकॉर्ड बन चुके हैं। इसमें से कुछ रिकॉर्ड तो ऐसे हैं जिनका टूटना लगभग असंभव है। आज हम उन्हीं रिकॉडों की बात करने जा रहे हैं।
वेस्टइंडीज के युवा तेज गेंदबाज अलजारी जोसेफ ने तीन बार की चैम्पियन मुम्बई इंडियंस की ओर से सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 3.4 ओवर में 12 रन देकर छह विकेट हासिल कर 11 साल पुराना राजस्थान रॉयल्स के सोहेल तनवीर का रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। तनवीर ने आईपीएल के पहले संस्करण में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 14 रन देकर छह विकेट हासिल कर आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।
जोसेफ ने इसके साथ ही डेब्यू आईपीएल मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का कीर्तिमान भी अपने नाम दर्ज करवा लिया है। इससे पहले डेब्यू मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड एंड्रयू टाई के नाम था, जिन्होंने 2017 में 17 रन देकर पांच विकेट लिए थे।
बंगाल के युवा क्रिकेटर प्रयास राय बर्मन ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की ओर से सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 16 साल 157 दिन की उम्र में इंडियन प्रीमियर लीग में डेब्यू किया। इसके साथ ही वह आईपीएल में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
किंग्स इलेवन पंजाब के तेज गेंदबाज सैम कुरेन 1 अप्रैल 2019 को मोहाली में खेले गए मुकाबले में दिल्ली के खिलाफ हैट्रिक बनाई। उन्होंने आईपीएल में सबसे कम उम्र में हैट्रिक बनाने का रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा।
सनराइर्ज हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरस्टो ने आईपीएल-12 के लगातार तीन मैचों में शतकीय साझेदारी निभाई। इसके साथ ही टी-20 लीग के इतिहास में लगातार तीन मैचों में शतकीय साझेदारी करने वाली ये पहली जोड़ी बन गई।