खेल डेस्क। रियान पराग (47) और जोफ्रा आर्चर (नाबाद 27) की शानदार पारियों के दम पर पहले संस्करण की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स ने गुरुवार रात कोलकाता नाइट राइडर्स को उसी के घरेलू ईडन गार्डन्स मैदान पर आईपीएल-12 के करो या मरो के मुकाबले में तीन विकेट से शिकस्त दी। इस जीत से राजस्थान रॉयल्स की प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अभी जिंदा है।
कप्तान दिनेश कार्तिक की नाबाद 97 रन की शानदार पारी के दम पर केकेआर ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 175 रन बनाए। इसके जवाब में राजस्थान ने 19.2 ओवर में सात विकेट पर 177 रन बनाकर जीत दर्ज की। भले ही केकेआर इस मुकाबले में जीत दर्ज करने में असफल रही हो, लेकिन उसने अपने नाम एक रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया है।
कप्तान दिनेश कार्तिक ने इस पारी में नौ छक्के लगाए। इसकी बदौलत वह आईपीएल-12 में छक्कों का शतक बनाने वाली पहली टीम बन गई है। केकेआर अभी तक आईपीएल के 12वें सीजन में 109 छक्के लगा चुकी है। इस मामले में दूसरे स्थान पर किंग्स इलेवन पंजाब और तीसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस है। पंजाब 83 और बेंगलुुरु और मुम्बई एक समान 74 छक्के लगा चुकी है।
वैसे इस सत्र में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल के नाम दर्ज है। वह अभी तक 42 छक्के मार चुके हैं। वहीं केकेआर की ओर से नीतीश राणा ने 18, क्रिस लिन ने 13, कप्तान दिनेश कार्तिक ने 12 और सुनील नारायण ने 9 छक्के लगाए हैं।