खेल डेस्क। स्कॉटलैंड के बल्लेबाज जॉर्ज मुंसे ने ग्लोसेस्टरशर सेकंड इलेवन टीम की ओर से खेलते हुए टी-20 क्रिकेट की एक तूफानी पारी खेली। इस पारी में उन्होंने लगातार छह गेंदों पर छह छक्के लगाने का कारनामा कर एक बार फिर से भारत के युवराज सिंह की पारी की याद ताजा कर दी है।
इस दौरान उन्होंने टी-20 क्रिकेट का सबसे तेज शतक लगाने का वेस्टइंडीज के क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा। जॉर्ज मुंसे ने केवल 25 गेंदों पर पर ही शतक जड़ दिया।मुंसे ने लंदन के ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड पर बाथ सीसी के खिलाफ रविवार को खेले गए एक अनाधिकारिक टी-20 मैच में केवल 39 गेंदों पर 147 रनों की तूफानी पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड 20 छक्के और पांच चौके लगाए।
स पारी के दौरान मुंसे ने अपना पहला अर्धशतक केवल 17 गेंदों में तो दूसरा केवल आठ गेंदों पर ही बना डाला। इससे पहले टी-20 में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने बनाया था। उन्होंने साल 2013 में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से केवल 30 गेंदों पर ही शतक लगाया था।
स्कॉटलैंड के बल्लेबाज जॉर्ज मुंसे ने जीपी विलोज (115) के साथ पहले विकेट के लिए 221 रन की साझेदारी निभाई। इस दौरान विलोज ने अपना शतक केवल 53 गेंदों में बनाया। इन पारियों की सहायता से ग्लोसेस्टरशर ने तीन विकेट पर 326 रन विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में बाथ की टीम 214 रन ही बना पाई।
यह ग्लोसेस्टरशर का टी-20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले टी-20 फॉर्मेट में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के नाम दर्ज है। अफगानिस्तान ने एक टी-20 मैच में आयरलैंड के खिलाफ तीन विकेट पर 278 रन बनाए थे।