खेल डेस्क। भारतीय विश्व टीम को लेकर उठे सवालों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक और चौंकाने वाला फैसला किया है। बीसीसीआई ने अब अंबाटी रायुडू, ऋषभ पंत और नवदीप सैनी के बाद तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और ऑलराउंडर अक्षर पटेल को भी टीम के स्टैंडबाई के रूप में रखा है।
इंग्लैंड में इसी साल 30 मई से आईसीसी विश्वकप शुरू होगा। इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय चयनकर्ताओं ने विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। इसके बाद इस टीम में युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत और मध्यक्रम के बल्लेबाज अंबाटी रायुडू के शामिल नहीं कोने के कारण क्रिकेट के गलियारों में बहस छिड़ गई थी।
कई दिग्गज खिलाडिय़ों ने चयनकर्ताओं के इस फैसले की आलोचना की थी। इसके बाद बीसीसीआई ने पंत और रायुडू को स्टैंडबाई खिलाडिय़ों के रूप में शामिल कर आलोचकों का मुंह बंद करने का प्रयास किया।
बीसीसीआई के अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार आगामी विश्व कप के लिए पांच खिलाडिय़ों ईशांत शर्मा, अक्षर पटेल, ऋषभ पंत, अंबाटी रायुडू और नवदीप सैनी को स्टैंडबाई खिलाडिय़ों की सूची में शामिल किया गया हैं। इन खिलाडिय़ों को इस संबंध में सूचित किया जा चुका है कि अगर उनकी आवश्यकता पड़ती है तो उन्हें तैयार रहना चाहिए। हालांकि इन पांच में से केवल एक खिलाड़ी नवदीप सैनी ही टीम इंडिया के साथ इंग्लैंड जा पाएंगे।
भारतीय टीम: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), शिखर धवन, केएल राहुल, महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, विजय शंकर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और रवीन्द्र जडेजा।