Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

मलयेशिया ओपन: सिंधु और श्रीकांत ने दूसरे राउंड में बनाई जगह

कुआलालंपुर
शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत ने बुधवार को यहां मलयेशिया ओपन वर्ल्ड टूर सुपर 750 टूर्नमेंट के दूसरे दौर में जगह बनाई। ओलिंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट सिंधु ने दुनिया की 20वें नंबर की खिलाड़ी आया ओहोरी को कड़े मुकाबले में 22-20, 21-12 से हराया। जापान की खिलाड़ी के खिलाफ दुनिया की छठी नंबर की खिलाड़ी सिंधु की यह छठी जीत है।

पिछले हफ्ते इंडिया ओपन के फाइनल में जगह बनाने वाले श्रीकांत ने इंडोनेशिया के इहसान मौलाना मुस्तफा को 38 मिनट में 21-18, 21-16 से शिकस्त दी। पांचवीं वरीय सिंधु अगले दौर में कोरिया की सुंग जी ह्युन से भिड़ेगी जिन्होंने इस भारतीय दिग्गज को ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के पहले दौर में ही हराकर बाहर कर दिया था। दूसरे दौर में श्रीकांत का सामना गुरुवार को थाइलैंड के खोसित फेतप्रदाब से होगा।

पिछले हफ्ते दिल्ली में क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचे एचएस प्रणॉय को हालांकि कड़े मुकाबले में थाइलैंड के सिथिकोम थमासिन के खिलाफ 12-21, 21-16, 21-14 से हार का सामना करना पड़ा। समीर वर्मा को भी पहले दौर में शिकस्त झेलनी पड़ी।

इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी भी पहले दौर की बाधा पार करने में विफल रही और हेन चेंगकाई और झाउ हाओडिंग की चीन की सातवीं वरीय जोड़ी के खिलाफ 16-21, 6-21 से हार गई।