Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

दिव्यांश सिंह ने जीता सिल्वर मेडल, भारत को चौथा ओलिंपिक कोटा

पेयचिंग (चीन)
भारत के 17 वर्षीय युवा निशानेबाज दिव्यांश सिंह पंवार ने शुक्रवार को यहां आईएसएसएफ विश्व कप में रजत पदक जीतकर देश के लिए चौथा ओलिंपिक कोटा स्थान हासिल किया। अपनी दूसरी ही सीनियर प्रतियोगिता में भाग ले रहे दिव्यांश ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 249.0 के कुल स्कोर से रजत पदक जीता। वह महज 0.4 अंक से स्वर्ण पदक से चूक गए, जिसे चीन के जिचेंग हुई ने 249.4 अंक बनाकर अपने नाम किया।

रूस के ग्रिगोरी शामोकोव को 227.5 अंक के स्कोर से कांस्य पदक मिला। यह भारत का चौथा ओलिंपिक 2020 तोक्यो ओलिंपिक कोटा है, इससे पहले अंजुम मोदगिल और अपूर्वी चंदेला (10 मीटर एयर राइफल महिला) और सौरभ चौधरी (10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष) ने विश्व कप और पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में ओलिंपिक स्थान हासिल किया था।

दिव्यांश ने कुल 629.2 अंक से तीसरे स्थान से फाइनल के लिए क्वॉलिफाइ किया। अन्य भारतीयों में रवि कुमार 624.1 अंक से 44वां जबकि दीपक कुमार ने 622.6 अंक से 57वां स्थान हासिल किया। दिव्यांश ने पदक और कोटा जीतने के बाद कहा, ‘अपने देश के लिये कोटा जीतकर काफी गर्व महसूस हो रहा है। मैंने इस फाइनल से काफी अनुभव हासिल किया। यह काफी कठिन टूर्नमेंट था, जिसमें अनुभवी निशानेबाज और ओलिंपिक भाग ले रहे थे।’

दिव्यांश ने गुरुवार को अंजुम मोदगिल के साथ मिलकर लियू रूजुआन और यांग हाओरान की चीनी जोड़ी को 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में 17-15 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। यह भारत का चीन में विश्व कप में तीसरा पदक है और पदक तालिका में देश शीर्ष पर है। मनु भाकर और सौरभ चौधरी की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।