Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

धोनी ने बना दिया ये बड़ा रिकॉर्ड पर चेन्नई को नहीं दिला सके जीत

खेल डेस्क। भले ही कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी आईपीएल-12 के मुकाबले में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ अपनी टीम को जीत दिलाने में असफल रहे हो, लेकिन उन्होंने अपने नाम एक रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया है।मैच में धोनी ने 48 गेंदों पर 84 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने पांच चौके और सात छक्के लगाए। इस दौरान उन्होंने आईपीएल में 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनने की उपलब्धि हासिल की।

धोनी के अब इंडियन प्रीमियर लीग में 203 छक्के हो चुके हैं। अब उनके पास अगले मैच में दक्षिण अफ्रीका के एबीडिविलियर्स को पीछे छोडऩे का मौका होगा। एबी डिविलियर्स अभी तक 204 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर काबिज हैं। इस मामले में वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल पहले स्थान पर है वह अभी तक आईपीएल में 323 छक्के लगा चुके हैं।मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल 53 रन की अर्धशतकीय पारी की सहायता से निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 161 रन बनाए।

इसके जवाब में धोनी की तूफानी पारी के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 160 रन ही बना सकी। अन्तिम ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 26 रन की जरूरत थी, लेकिन धोनी इस ओवर में केवल 24 रन ही बना सके। उन्होंने ये 24 रन तो उमेश यादव के ओवर की पहली पांच गेंदों पर ही बना लिए थे। उन्हें अब चेन्नई को जीत दिलाने के लिए अन्तिम गेंद पर दो रन की जरूरत थी, लेकिन धोनी इस गेंद पर एक भी रन नहीं बना सके। इसके साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने इस सत्र में तीसरी जीत दर्ज की।