Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईपीएल: राजस्थान रॉयल्स के संजू सैमसन ने तोड़ा कोहली का ये रिकॉर्ड

खेल डेस्क। भले ही पहले संस्करण की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल-12 में लगातार तीन हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन रविवार को तीन बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में उसके एक खिलाड़ी ने अपने नाम रिकॉर्ड दर्ज करवा दिया है।

जी हां आईपीएल के 12वें संस्करण में पहला शतक लगाने वाले संजू सैमसन सबसे कम उम्र में इस टूर्नामेंट में दो हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में संजू सैमसन ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है।

चेन्नई में रविवार को खेले गए मैच में संजू सैमसन केवल आठ रन ही बना सके, लेकिन इस दौरान उन्होंने आईपीएल में अपने दो हजार रन पूरे किए। संजू सैमसन ने 24 साल 140 दिन की उम्र में इंडियन प्रीमियर लीग में दो हजार रन का आंकड़ा पार कर विराट कोहली के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया।

राजस्थान रॉयल्स के स्टार खिलाडिय़ों में शूमार संजू सैमसन ने अपने दो हजार रन आईपीएल के 84वें मैच में पूरे किए। इससे पहले आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने 24 साल 175 दिन में अपने दो हजार रन पूरे किए थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स के बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना हैं। उन्होंने 25 साल 155 दिन में दो हजार रन पूरे किए थे।

जबकि राजस्थान रॉयल्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 26 साल 331 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। संजू सैमसन अभी आईपीएल में दो शतकों की सहायता से 2007 रन बना चुके हैं। चेन्नई के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने दस गेंदों पर एक चौके की सहायता से आठ रन बनाए थे।