खेल डेस्क। कप्तान विराट कोहली (100) की तूफानी शतकीय पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल-12 के मुकाबले में शुक्रवार रात कोलकाता नाइट राइडर्स को 10 रन से शिकस्त देकर दूसरी जीत दर्ज की।
विराट के शानदार शतक के दम पर बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में नीतीश राणा (नाबाद 85) और आंद्रे रसेल (65) की धमाकेदार पारियों के बावजूद कोलकता निर्धारित ओवरों में पांच विकेट पर 203 रन ही बना सकी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर की पांचवीं शतकीय पारी में 58 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने नौ चौके और चार छक्के लगाए। वह आईपीएल में पांच शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में शतक लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर और शेन वाटसन को पीछे छोड़ दिया है। इन दोनों बल्लेबाजों के नाम आईपीएल में चार-चार शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है।
बेंगलुरु की ओर से मोईन अली ने भी 28 गेंदों पर पांच चौके और छह छक्कों की सहायता से 66 रन बनाए। पार्थिव पटेल ने 11, अक्षदीप नाथ ने 13 और मार्कस स्टॉयनिस ने नाबाद 17 रन का योगदान दिया।
कप्तान विराट ने मोईन के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी निभाई। उनकी टीम ने अन्तिम पांच ओवरों में 93 रन बनाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नौ मैचों में दूसरी जीत अपने नाम दर्ज की है जबकि केकेआर को नौ मैचों में पांचवीं हार झेलनी पड़ी है।