जयपुर। पूर्व कप्तान अजिंक्या रहाणे (नाबाद 105) की शतकीय पारी के बावजूद पहले संस्करण की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स को सोमवार को अपने घरेलू सवाई मानसिंह स्टेडियम पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 191 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
इसके जवाब में दिल्ली ने पंत (36 गेंद में नाबाद 78), धवन (54) और पृथ्वी शॉ (42) की पारियों की बदौलत चार विकेट पर 193 रन बनाकर जीत दर्ज की। इसके साथ ही दिल्ली आईपीएल की अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एश्टन टर्नर के नाम इंडियन प्रीमियर लीग में एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
वह आईपीएल 2019 में तीन मैच खेलने के बावजूद अपना खाता भी नहीं खोल पाए हैं। वह लगातार तीसरे आईपीएल मुकाबले में गोल्डन डक (पहली ही बॉल पर जीरो) का शिकार हुए। यहीं नहीं वह लगातार पांच टी-20 मैचों में तो खाता भी नहीं खोल सके हैं। इन पांच में से चार में वह गोल्डन डक का शिकार हुए हैं। यह टी-20 क्रिकेट में किसी खिलाड़ी द्वारा बनाया गया ये अनचाहा रिकॉर्ड है। आईपीए के तीन मैचों के अलावा बिग बैश लीग में पर्थ स्क्रॉचर्स की ओर से एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ और भारत के खिलाफ विशाखापत्तनम में वह खाता नहीं खोल सके थे।
आईपीएल में वह किंग्स इलेवन पंजाब, मुम्बई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गोल्डन डक का शिकार हुए हुए। वैसे टर्नर आईपीएल में लगातार तीन बार जीरो पर आउट होने वाले छठे बल्लेबाज हैं। इससे पहले अशोक डिंडा, राहुल शर्मा, गौतम गंभीर, पवन नेगी और शार्दुल ठाकुर के नाम भी ये अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो चुका है।