Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अब सुरेश रैना ने आईपीएल में बना डाला ये बड़ा रिकॉर्ड

खेल डेस्क। स्पिन गेंदबाज इमरान ताहिर की शानदार गेंदबाजी के बाद सुरैश रैना (नाबाद 58) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत तीन बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल-12 के मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स को पांच विकेट से शिकस्त दी। इसके साथ ही चेन्नई ने आठ मैचों में सातवीं जीत से अंक तालिका में अपना शीर्ष स्थान मजबूत किया।

इस मुकाबले में चेन्नई के बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी अपने नाम उपलब्धि दर्ज करवाई। वह अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान आईपीएल इतिहास में एक टीम खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।

रैना के केकेआर के खिलाफ 817 रन हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त किया। इससे पहले उन्होंने मुम्बई इंडियंस के खिलाफ 803 रन बनाए थे। जबकि केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे स्थान पर डेविड वार्नर हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 762 रन बनाए हैं।

क्रिस लिन की (82) तूफानी पारी के बावजूद मैन ऑफ द मैच इमरान ताहिर (27 रन देकर चार विकेट) की कातिलाना गेंदबाजी के सामने कोलकाता नाइटराइडर्स आठ विकेट पर 161 रन ही बना सकी।

इसके जवाब में महेन्द्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाकर जीत दर्ज करने में सफल रही। उसकी ओर से सुरेश रैना ने अपनी 58 की पारी के दौरान 42 गेंद का सामना करते हुए सात चौके और एक छक्का लगाया। चेन्नई को जीत दिलाने में रवीन्द्र जडेजा ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 17 गेंदों में पांच चौके से नाबाद 31 रन बनाए।