खेल डेस्क। गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ होने वाले मैच से पहले ही तीन बार की चैम्पियन मुम्बई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है। मीडिया से मिल रही खबरों की मानें तो टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा अब 11 अप्रैल तक मुम्बई इंडियंस के मैचों में नहीं खेल सकेंगे। बताया जा रहा है कि श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने यू-टर्न लेते हुए एक बार फिर लसिथ मलिंगा को वापस स्वदेश बुला लिया है।
श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा घरेलू वनडे टूर्नामेंट खेलने के लिए अपने देश लौट गए हैं। इस बात की पुष्टि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कर दी है। मलिंगा अब 4 से 11 अप्रैल श्रीलंका में सुपर प्रोविंशियल वन-डे टूर्नामेंट खेलेंगे। बताया जा रहा है कि इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन के आधार पर ही श्रीलंकाई खिलाडिय़ों का विश्व कप टीम में चयन होगा। इस टूर्नामेंट में मलिंगा गाले टीम की कप्तानी करेंगे।
इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपने तेज गेंदबाज को पूरे आईपीएल में मुंबई इंडियंस के साथ खेलने की अनुमति दी थी। इसके लिए बीसीसीआई ने श्रीलंकाई बोर्ड से मलिंगा को जितना संभव हो सके आईपीएल लिए उपलब्ध कराने की अपील की थी। इसके तहत श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी कर लसिथ मलिंगा को 4-11 अप्रैल तक होने वाले घरेलू वनडे सुपर प्रोविंशियल वनडे टूर्नामेंट से फ्री कर दिया था।
रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुम्बई इंडियंस आज महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व वाली चेन्नई सुपरकिंग्स का विजयी रथ रोकने उतरेगी। चेन्नई अभी तक अपने तीनों ही शुरुआत मुकाबले जीत चुकी है। जबकि मुम्बई इंडियंस को तीन में से दो में हार का सामना करना पड़ा है।