Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो नहीं, ये खिलाड़ी है सनराइजर्स हैदराबाद की जीत की गारन्टी

खेल डेस्क। सनराइजर्स हैदराबाद ने गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स को उसके घर फिरोजशाह कोटला मैदान में 5 विकेट से शिकस्त देकर आईपीएल-12 में तीसरी जीत दर्ज की। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 129 रन बनाए। इसके जवाब में सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (48) की विस्फोटक पारी की सहायता से सनराइजर्स हैदराबाद ने 18.3 ओवर में 5 विकेट पर 131 रन बनाकर जीत हासिल की।

दिल्ली कैपिटल्स की यह पांच मैचों में तीसरी हार है। मैच में एक बार फिर से सलामी बल्लेबाजों डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो ने सनराइजर्स हैदराबाद को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने लगातार चौथी बार अर्धशतकीय साझेदारी बनाई।

वैसे सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभी तक एक खिलाड़ी जीत की गारंटी बना हुआ है। यह खिलाड़ी टीम की ओर से जब भी मैदान में उतरा है, सनराइजर्स हैदराबाद को जीत मिली है। यह खिलाड़ी डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो नहीं बल्कि अफगानिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी है। मोहम्मद नबी ने जब भी आईपीएल में हैदराबाद की ओर से मैच खेला है उसमें में टीम को जीत मिली है। मोहम्मद नबी अभी तक सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से सात मैच खेले हैं और इन सातों ही मैचों में हैदराबाद को जीत मिली है।

आईपीएल के 12वें संस्करण में अभी तक मोहम्मद नबी ने दो मैच खेले हैं। इन दोनों ही मैचों में उन्होंने शानदार गेंदबाजी कर अपनी टीम को जीत दिलाई है। पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ केवल 11 रन पर ही चार विकेट हासिल किए। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने 21 रन पर दो विकेट हासिल करने के साथ ही नाबाद 17 रन बनाए।