Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आरसीबी को जीत दिलाने के बाद बोले डि विलियर्स- लंबा इंतजार करना पड़ा

नई दिल्ली
विराट कोहली और एबी डि विलियर्स जैसे दिग्गज खिलाड़ियों से सजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने आखिरकार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इस सीजन की पहली जीत दर्ज कर ली है। मोहाली के आईएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उसने किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) टीम को 8 विकेट से हराया। 38 गेंदों में 5 चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 59 रनों की पारी खेलने वाले एबीडी को प्लेयर ऑफ द डे अवॉर्ड दिया गया। 

दो अहम साझेदारी करते हुए पलटा मैच
43 रन के टीम स्कोर पर पार्थिव पटेल के आउट होने के बाद बैटिंग के लिए एबी डि विलियर्स ने दमदार शुरुआत की। उन्होंने मोहम्मद शमी को चौका लगाकर खाता खोला और बेहद चतुराई से विराट के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी करते हुए शानदार प्लेटफॉर्म तैयार किया। जब विराट आउट हुए तो उन्होंने मार्कस स्टोइनिस के साथ एक बार फिर साझेदारी बनाई और टीम को जीत तक पहुंचा दिया। मार्कस स्टोइनिस और एबीडी के बीच अविजित 46 रनों की साझेदारी हुई। 

कहा- लंबा इंतजार किया
सीजन में मिली इस जीत के बाद उन्होंने कहा, 'हमने इस जीत के लिए लंबा इंतजार किया। यह छोटा, लेकिन सही दिशा में अहम कदम है। उम्मीद है इसे हम आगे के मैचों में बरकरार रखेंगे।' बता दें कि इससे पहले आरसीबी को कई मुकाबले में आखिरी के ओवरों में मैच गंवाना पड़ा था। मुंबई के खिलाफ वह जीतते-जीतते रह गई थी, उस मैच में भी एबी डि विलियर्स (नाबाद 70 रन) ने हाफ सेंचुरी लगाई थी। 

मैच का रोमांच
क्रिस गेल की 64 गेंद पर नाबाद 99 रन की पारी की मदद से किंग्स इलेवन पंजाब ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की बीच के ओवरों की कसी हुई गेंदबाजी के बावजूद 4 विकेट पर 173 रन बनाए। गेल ने अपनी पारी में दस चौके और पांच छक्के लगाए। उनके अलावा किंग्स इलेवन का कोई भी अन्य बल्लेबाज 20 रन तक नहीं पहुंच पाया। जवाब में आरसीबी ने विराट कोहली (67), एबी डि विलियर्स (नाबाद 59) और मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 28) की बदौलत 8 विकेट से मुकाबला जीत लिया।