खेल डेस्क। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने आज ही के लिए इंडियन प्रीमियर लीग के एक मैच में तीन ऐसे कीर्तिमान बनाए थे जो छह साल बीत जाने के बाद भी किसी बल्लेबाज की पहुंच से दूर ही रहे हैं।विश्व क्रिकेट में युनिवर्सल बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल ने आज ही के दिन यानी 23 अप्रैल, 2013 को आईपीएल की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने के साथ ही सबसे तेज शतक और एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड बनाए थे।
गेल ने इस दिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ केवल 66 गेंदों पर 175 रन की तूफानी पारी खेली। यह अभी भी आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है। गेल ने यह पारी खेल आईपीएल के पहले संस्करण में केकेआर की ओर से ब्रैंडन मैकुलम द्वारा बनाए गए नाबाद 158 रन की पारी का रिकॉर्ड तोड़ा था।
गेल ने इसी पारी के दौरान आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने का कीर्तिमान भी अपने नाम दर्ज करवाया। गेल ने अपनी पारी के दौरान केवल 30 गेंदों पर शतक लगाकर इतिहास रचा।मैच की अपनी इस शतकीय पारी के दौरान क्रिस गेल ने 17 छक्के लगाए। यह भी एक आईपीएल रिकॉर्ड है। गेल ने बैंडन मैकुलम का ही एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था। ब्रैंडन मैकुलम ने नाबाद 158 रन की पारी के दौरान आईपीएल की एक पारी में 13 छक्के लगाए थे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पुणे वॉरियर्स को 130 रन से शिकस्त दी थी। बेंंगलुरु ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 263 रन बनाए। इसके जवाब में पुणे वॉरियर्स नौ विकेट पर केवल 133 रन ही बना सकी।