Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारत को सुदीरमन कप में मिला मुश्किल ग्रुप

नयी दिल्ली
चीन के नेनिंग में 19 से 26 मई तक होने वाली सुदीरमन कप मिश्रित टीम बैडमिंटन चैंपियनशिप में पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत के नेतृत्व में भारत अपना सबसे मजबूत दल उतारेगा। हालांकि भारत को मेजबान चीन और मलेशिया के साथ मुश्किल ग्रुप में रखा गया है। भारतीय दल का नेतृत्व विश्व चैंपियनशिप की रजत  पदक विजेता पीवी सिंधू, लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता सायना नेहवाल और  दुनिया के 8 नंबर के पुरुष एकल शटलर किदांबी श्रीकांत करेंगे। भारत इस प्रतियोगिता में पहली बार पोडियम पर आने के लक्ष्य के साथ उतरेगा। आॅस्ट्रेलिया  के गोल्ड कोस्ट में खेले गये पिछले संस्करण में भारत क्वार्टरफाइनल तक पहुंचा था और इस बार उसे आठवीं वरीयता मिली है। इस बार भारत ग्रुप‘डी’में है जिसमें मेजबान देश चीन के साथ मलेशिया शामिल है। नॉकआउट चरण तक पहुंचने के लिए भारत को ग्रुप में कम से कम दूसरे स्थान पर आना होगा।

भारत  ने पिछले वर्ष गोल्ड कोस्ट में खेले गए कॉमनवेल्थ गेम्स के मिश्रित टीम प्रारूप में मलेशिया को हरा कर स्वर्ण पदक जीता था। चैंपियनशिप में इस बार दुनिया के पूर्व  नंबर एक खिलाड़ी ली चोंग वेई हिस्सा नहीं लेंगे जो भारत के लिए अच्छी खबर है। भारत के 13 सदस्यों  के दल में फॉर्म में चल रहे समीर वर्मा और चोट के कारण बाहर हुए युगल स्टार  सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी के साथ चिराग शेट्टी भी शामिल हैं। भारतीय पुरुष दल में किदांबी श्रीकांत, समीर वर्मा, सात्विकसैराज, चिराग शेट्टी, मनु अत्री , बी सुमीत रेड्डी और प्रणव जैरी चोपड़ा का नाम शामिल हैं जबकि महिला दल में पीवी सिंधू , सायना नेहवाल, अश्विनी पोन्नप्पा, एन सिक्की  रेड्डी, पूर्विशा एस राम और जे मेघना शामिल हैं।