खेल डेस्क। केएल राहुल (52) की अर्धशतकीय पारी और कप्तान रविचंद्रन अश्विन के ऑलराउंड प्रदर्शन की मदद से किंग्स इलेवन पंजाब ने मंगलवार को आईपीएल-12 के मैच में राजस्थान रॉयल्स को 12 रन से शिकस्त दी।
पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल (47 गेंदों पर 52 रन) और डेविड मिलर (27 गेंदों पर 40 रन) की उपयोगी पारियों के दम पर छह विकेट पर 182 रन बनाए। पंजाब की ओर से कप्तानी रविचन्द्र अश्विन ने भी चार गेंदों पर नाबाद 17 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स के सबसे सफल गेंदबाज जोफ्रा आर्चर रहे। जिन्होंने 15 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में पंजाबी गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के सामने राजस्थान सात विकेट पर 170 रन ही बना सकी। राजस्थान रॉयल्स की ओर से राहुल त्रिपाठी ने 45 गेंदों पर 50 रन और स्टुअर्ट बिन्नी ने अन्तिम क्षणों में 11 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाए।
इन दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारी के बावजूद राजस्थान रॉयल्स लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। बल्लेबाजी में हाथ दिखाने वाले पंजाब के कप्तान अश्विन ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वहीं मोहम्मद शमी और अर्शदीप सिंह ने भी दो-दो विकेट अपने नाम किए।
किंग्स इलेवन पंजाब ने नौ मैचों में पांचवीं जीत हासिल की है। वह अब दस अंक के साथ वह शीर्ष चार में पहुंच गई है। वहीं पहले संस्करण की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स को आठ मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा है। अब उसकी आईपीएल 12 के प्लेऑफ में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है।