Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

टॉप सीड मान मौलिक फाइनल में, सालसा बाहर

नयी दिल्ली
शीर्ष वरीयता प्राप्त मान मौलिक शाह ने रौलां गैरो जूनियर वाइल्ड कार्ड सीरीज टेनिस टूर्नामेंट में मंगलवार को अपना सेमीफाइनल मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया जबकि लड़कियों में टॉप सीड सालसा अहेर को हार का सामना करना पड़ा। यहां आरके खन्ना टेनिस स्टेडियम में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान बेल्जियम की लीजेंड खिलाड़ी जस्टिन हेनिन मौजूद थीं। मान मौलिक ने तीसरी सीड ओडिशा के कबीर हंस को 6-3, 6-2 से हराया और लगातार दूसरे वर्ष फाइनल में पहुंच गए। दूसरे सेमीफाइनल में चौथी सीड गुजरात के माधविन कामत ने दूसरी सीड देव वी जाविया को हराया। जाविया पहला सेट 4-6 से हारने के बाद दूसरे सेट में रिटायर हो गए।

कामत का फाइनल में शाह से मुकाबला होगा। लड़कियों में शीर्ष वरीय महाराष्ट्र की सालसा और दूसरी सीड भक्ति शाह को हार का सामना करना पड़ा। चौथी सीड शेख हुमेरा ने सालसा को हराया। सालसा पहला सेट 1-6 से हारने के बाद रिटायर हो गयीं। गैर वरीय पंजाब की साराह देव ने भक्ति को 6-3, 6-4  से हराया। दोनों फाइनल बुधवार को खेले जाएंगे। सेमीफाइनल की समाप्ति के बाद लड़कों और लड़कियों के वर्गों के 16 खिलाड़ियों ने रौलां गैरो की ब्रांड एम्बेसडर और बेल्जियम की लीजेंड खिलाड़ी जस्टिन हेनिन के साथ एक विशेष क्लिनिक में हिस्सा लिया। हेनिन ने 1997 में फ्रेंच ओपन का जूनियर खिताब जीता था। उन्होंने युवा भारतीय खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा किये।