खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (67 रन) की शानदार अर्धशतकीय पारी के बाद लसिथ मलिंगा की कातिलाना गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियन्स ने शुक्रवार को चेपक स्टेडियम पर आईपीएल-12 के मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को 46 रन से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस ने आईपीएल-12 के प्लेऑफ में पहुंचने की तरफ मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं।
रोहित शर्मा ने 48 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की सहायता से 67 रन बनाए। इसकी बदौलत मुम्बई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 155 रन ही बनाए।इसके जवाब में लसिथ मलिंगा (37 रन देकर चार विकेट) की कातिलाना गेंदबाजी के सामने तीन बार की चैम्पियन चेन्नई सुपरकिंग्स निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर केवल 109 रन ही बना सकी।
रोहित शर्मा को उनकी अर्धशतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही वह आईपीएल में सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने यूसुफ पठान और महेंद्र सिंह धोनी को पाछे छोड़ा। ये दोनों ही खिलाड़ी संयुक्त रूप से 16-16 बार मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल कर चुके हैं।
इनके बाद सुरेश रैना ने 14, गौतम गंभीर ने 13, विराट कोहली ने 12 और वीरेन्द्र सहवाग ने 11 बार मैन ऑफ द मैन का पुरस्कार हासिल किया है। इंडियन प्रीमियर लीग में ओवरऑल सबसे ज्यादा ये पुरस्कार हासिल करने वाले खिलाडिय़ों की बात की जाएं तो इसमें पहले स्थान पर वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं। वह अभी तक 21 बार मैन ऑफ द मैच पुरस्कार हासिल कर चुके हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर एबी डिविलियर्स (20) हैं।