खेल डेस्क। वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल ने इंडियन प्रीमियर लीग में कई रिकॉर्ड बनाए हैं। उनमें से कुछ का तो फिलहाल टूटना असंभव है। अब किंग्स इलेवन पंजाब के क्रिस गेल के पास शनिवार को विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ होने वाले मैच में रनों के मामले में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को पीछे छोडऩे का मौका होगा।
गेल आईपीएल-12 के इस मुकाबले में 14 रन बना देते है तो वह धोनी को पीछे छोड़ देंगे। आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले क्रिस गेल के अभी केवल 118 मैचों में 4217 रन हैं। उनका आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 175 रन है। वहीं एमएस धोनी के आईपीएल रिकॉर्ड की बात की जा तो उन्होंने अभी तक 182 मैचों में 4230 रन बनाए हैं। वह आईपीएल में अभी तक एक भी शतक नहीं लगा सके हैं। जबकि 195 छक्के मार चुके हैं।
वहीं विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल-12 में जीत का खाता खोलने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी। अभी तक यह टीम लगातार छह मैच हार चुकी है। उसे आईपीएल के प्ले ऑफ के लिए अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए लगभग बचे हुए सभी मैच जीतने होंगे। वह लगातार हार के दिल्ली डेयरडेविल्स के रिकॉर्ड को तोडऩे से बचना चाहेगी। दिल्ली डेयरडेविल्स को भी 2013 के सत्र में लगातार छह मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। किंग्स इलेवन पंजाब सात में से चार मैचों में जीत हासिल कर चुकी है।