खेल डेस्क। पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एबी डिविलियर्स (नाबाद 82) और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 46) की तूफानी पारियों की सहायता से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल-12 के मुकाबले में अपने घरेलू एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पर किंग्स इलेवन पंजाब को 17 रन से शिकस्त देकर प्ले ऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 202 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में किंग्स इलेवन पंजाब 20 ओवर में 7 विकेट पर 185 रन ही बना सकी। इस हार के साथ ही पंजाब के भी प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीदों का झटका लगा है।
इससे पहले एबी डिविलियर्स (नाबाद 82) और मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 46) ने अन्तिम ओवरों में तूफानी पारियां खेल अपनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नाम रिकॉर्ड दर्ज करवा दिया है। इन दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए केवल 66 गेंदों पर 121 रन की तूफानी साझेदारी की।
इस दौरान इन दोनों बल्लेबाजों ने अन्तिम दो ओवर में 48 रन बनाकर आईपीएल रिकॉर्ड अपनी टीम के नाम दर्ज करवा लिया है। इससे पहले कोई भी आईपीएल टीम अन्तिम दो ओवर में इतने रन नहीं बना सकी थी। इससे पहले चार टीमों ने अन्तिम दो ओवरों में 45-45 रन बनाए थे।
चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुम्बई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स की टीमें अन्तिम दो ओवरों में 45-45 रन बना चुकी है। डिविलियर्स ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 44 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्के और 3 चौके लगाए। वहीं स्टोइनिस ने 34 गेंदों पर 3 छक्के और 2 चौके लगाए।