खेल डेस्क। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद 75) की तूफानी अर्धशतकीय पारी की सहायता से गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल-12 के मुकाबले में रविवार को आठ रन से शिकस्त दी। इसके साथ ही इस संस्करण में सीएसके ने जीत की हैट्रिक भी लगा दी है। इसके विपरित रॉयल्स ने हार की तिकड़ी बना ली है।
चेन्नई ने धोनी की शानदार पारी की सहायता से पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 167 रन ही बना सकी।
महेन्द्र सिंह धोनी ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 46 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने चार चौके और चार छक्के लगाए। इस दौरान उन्होंने आईपीएल में एक कीर्तिमान भी अपने दाम दर्ज करवा लिया है। धोनी आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाए वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। धोनी के अब आईपीएल के 178 मैचों में 191 छक्के हो गए हैं। उन्होंने इस मामले अपनी टीम के खिलाड़ी सुरेश रैना का रिकॉर्ड तोड़ा। रैना ने 179 मैचों में 187 छक्के लगाए हैं।
वैसे आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का कीर्तिमान वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम दर्ज है। गेल अब तक केवल 115 मैचों में 302 छक्के लगा चुके हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स हैं। उनके नाम 144 मैचों में 192 छक्के दर्ज है। धोनी के पास अब एबी डिविलियर्स को पीछे छोडऩे का मौका होगा।