इंटरनेट डेस्क। भले ही तीन बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स को इंडियन प्रीमियर लीग के अपने चौथे मैच में मुम्बई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस मुकाबले में इस टीम के दिग्गज बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करवा ली है।
आरसीबी-केकेआर मैच : अब कोहली और एबी डिविलियर्स हासिल करने उतरेंगे ये विराट उपलब्धि
इस मुकाबले में हालांकि सुरेश रैना केवल 16 रन ही बना सके, लेकिन इस पारी के दौरान उन्होंने तीन बार की आईपीएल चैम्पियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ 800 रन पूरे किए। वह ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। रैना ने मुम्बई इंडियंस के खिलाफ मैच में 15 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और एक छक्का लगाया।
मुकाबले में केदार जाधव (58) की अर्धशतकीय पारी के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स को 37 रन से हार का सामना करना पड़ा। यह चार मैचों में इस टीम की आईपीएल-12 में पहली हार है।
आईपीएल-12: इन खिलाडिय़ों के सिर पर सजी हुई हैं ऑरेंज और पर्पल कैप, ये टीम है टॉप पर
मुंबई इंडियंस ने पहले खेलते हुए पांच विकेट पर 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से सूर्यकुमार यादव ने 59 रन, क्रुणाल पांड्या ने 42 रन, हार्दिक पांड्या ने नाबाद 25 और कीरेन पोलार्ड ने नाबाद 17 रन बनाए। इसके जवाब में चेन्नई सुपरकिंग्स केदार जाधव (58 रन) की अर्धशतकीय पारी के बावजूद आठ विकेट पर 133 रन ही बना सकी। मुम्बई की ओर से हार्दिक पांड्या और लसिथ मलिंगा ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए।
इसके साथ ही मुम्बई इंडियंस ने आईपीएल में 100वीं जीत दर्ज करने की उपलब्धि अपने नाम दर्ज करवाई। वह ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई है। इस मामले में दूसरे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स है। जिसने अभी तक 93 मैचों में जीत हासिल की है।