इंटरनेट डेस्क। आईपीएल 12 का 34वां मुकाबला तीन बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में मुंबई की टीम ने बाजी मारी और दिल्ली को घर में ही 40 रनों से रौंदने में कामयाबी हासिल की। इस मैच में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल की।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टी-20 क्रिकेट में अपने 8000 रन पूरे किए। वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय और दुनिया के आठवें क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले विराट कोहली और सुरेश रैना ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। रोहित ने 307 मैचों की 294 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में 22 गेंदों पर 30 रन बनाए। इसमें उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया और टीम को विजयी बनाने में अहम योगदान दिया।
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाएं। जवाब में उतरी दिल्ली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 128 रन ही बना पाई और ये मुकाबला 40 रनों से हार गई। इस मैच का मुख्य आकर्षक हार्दिक पांड्या रहा। पांड्या ने पहले बल्लेबाजी में 15 गेंदों में 32 रन बनाएं। उसके बाद गेंदबाजी में 2 ओवर में 17 रन खर्च करके 1 सफलता हासिल की। शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक का मैन आफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।
Herald