खेल डेस्क। दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और पहले संस्करण की विजेता राजस्थान रॉयल्स गुरूवार को ईडन गार्डन में आईपीएल-12 के करो या मरो के मुकाबले में एक दूसरे से भिड़ेंगी। दोनों ही टीमों का लक्ष्य इस मुकाबले को जीतकर प्लेऑफ की उम्मीदों को बनाए रखने का होगा। इन दोनों ही टीमों की स्थिति आईपीएल-12 में ऐसी बनी हुई है जहां एक हार से उनकी प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग समाप्त हो जाएगी।
वैसे अपने घरेलू मैदान पर होने वाले इस मुकाबले के लिए केकेआर कुछ नया प्रयोग कर सकती है। इसके तहत वह अपने तूफानी बल्लेबाज आंद्रे रसेल को चौथे नम्बर पर बल्लेबाजी करवा सकती है।टीम ने पिछले मुकाबले में उन्हें सातवें नंबर पर उतारा जिससे टीम एक अच्छे स्कोर तक नहीं पहुंच पाई।
इस मुकाबले में उसे सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नौ विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इस मुकाबले में केकेआर आठ विकेट पर केवल 159 रन ही बना सकी थी। कोलकाता को यदि राजस्थान के खिलाफ जीत हासिल कर अपनी उम्मीदों को बनाए रखना है तो उसे रसेल को टॉप-4 में बल्लेबाजी करवाना होगा।
वहीं राजस्थान रॉयल्स को भी आईपीएल-12 में अपनी उम्मीदें जिन्दा रखनी है तो उसके खिलाडिय़ों को शानदार प्रदर्शन करना होगा। राजस्थान रॉयल्स को पिछले मुकाबले में बड़ा स्कोर खड़ा करने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान ने अजिंक्या रहाणे (नाबाद 105) के शानदार शतक से 6 विकेट पर 191 रन का अच्छा स्कोर बनाया था। इसके जवाब में दिल्ली ने 19.2 ओवर में चार विकेट पर 193 रन बनाकर जीत हासिल की थी।