खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो इंडियन प्रीमियर लीग के अपने पहले सत्र में ही अपनी विशेष छाप छोडऩे में सफल रहे हैं। इंग्लैंड का ये स्टार क्रिकेटर आईपीएल-12 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेल रहा है।
जॉनी बेयरस्टो ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। जॉनी बेयरस्टो ने 43 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाकर अपनी टीम हैदराबाद को केकेआर पर आसान जीत दिलाई। उन्होंने डेविड वार्नर के साथ पहले विकेट के लिए 12.2 ओवर में 131 रन की साझेदारी की।
बेयरस्टो ने अपनी पारी में सात चौके और चार छक्के लगाए। इस दौरान उन्होंने कई आईपीएल रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह आईपीएल (पहले सत्र को छोडक़र) के डेब्यू सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले क्रिकेट बन गए हैं। बेयरस्टो अभी तक 445 रन बना चुके हैं।
इस मामले में उन्होंने श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड तोड़ा। अय्यर ने साल 2015 में 439 रन बनाए थे। वहीं डेविड वार्नर के साथ मिलकर एक सत्र में साझेदारी के रूप में सबसे ज्यादा रन बनाने का कीर्तिमान भी अपने नाम दर्ज करवा लिया है। वार्नर और बेयरस्टो अभी तक केवल नौ पारियों में ही 733 रन बना चुके हैं। इससे पहले डेविड वार्नर और शिखर धवन ने 17 पारियों में 731 रन बनाए थे।
बेयरस्टो आईपीएल के पहले सीजन के नौ मैचों में ही 445 रन बना चुके हैं। वह अभी तक एक शतक और दो अर्धशतक लगा चुके हैं। इस दौरान वह 18 छक्के लगा चुके हैं। सरनाइजर्स हैदराबाद ने ये मुकाबला नौ विकेट से अपने नाम किया। इस सत्र में केकेआर की यह लगातार पांचवीं और कुल छठी हार है। उसके दस मैचों में आठ अंक हैं वहीं सनराइजर्स हैदराबाद नौ मैच में पांचवीं जीत से अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया।