खेल डेस्क। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच आज खेले जाने वाले पहले पहले क्वालीफायर के साथ ही आईपीएल-12 के प्लेऑफ शुरू हो जाएंगे। इंडियन प्रीमियर लीग का 12वां संस्करण जब अपने पूरे शबाब पर पहुंच चुका है तो कई दिग्गज खिलाड़ी या तो टूर्नामेंट छोडक़र स्वदेश लौट चुके या कई की टीमें बाहर हो चुकी है। इस कारण इन खिलाडिय़ों की प्ले ऑफ में कमी दर्शकों को खलेगी।
आईपीएल के प्ले ऑफ में मुम्बई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद ही जगह बना सकी है। प्लेऑफ में हैदराबाद को ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वार्नर और इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो की कमी खलेगी। वार्नर ने 12 मैचों में एक शतक और 8 अर्धशतकों की बदौलत सर्वाधिक 692 रन बनाए।
वहीं जॉनी बेयरस्टो ने 10 मैचों में 445 रन बनाए। ये दोनों ही बल्लेबाज विश्वकप की तैयारियों को लेकर स्वदेश लौट चुके हैं। वहीं आईपीएल प्लेऑफ में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान स्टीव स्मिथ, रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान विराट कोहली और एबी डीविलियर्स जैसे स्टारों की कमी खलेगी।
विराट कोहली ने 14 मैचों में 464 और डीविलियर्स ने 13 मैचों में 442 रन बनाए। वहीं इस चरण में पंजाब के क्रिस गेल, केकेआर के आंद्रे रसेल और दिल्ली के दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज के कैगिसो रबादा की कमी भी दर्शकों को आईपीएल प्ले ऑफ में खलेगी।
गेल ने 13 मैचों में 490 रन बनाए। वहीं कैगिसो रबादा पीठ की परेशानी के कारण स्वदेश लौट चुके हैं। उन्होंने 12 मैचों में सर्वाधिक 25 विकेट प्राप्त किए हैं। राजस्थान रॉयल्स, किंग्स इलेवन पंजाब, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल के प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है।