खेल डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण का लीग चरण समाप्त हो चुका है और आज मुम्बई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच पहला क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा।अभी तक इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर (692) और सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबाडा (25) हैं।
अगर प्लेऑफ में मुम्बई इंडियंस के क्विंटन डिकॉक, दिल्ली कैपिटल्स के शिखर धवन, श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत बड़ी पारियां खेलने में सफल नहीं रहे तो ओरेंज कैप डेविड वार्नर को मिलना तय है। डिकॉक अभी तक 492 रन, शिखर धवन 486 रन, श्रेयस अय्यर 446 रन और ऋषभ पंत 401 रन बना चुके हैं।
इन सभी बल्लेबाजों को ओरेंज कैप हासिल करने के लिए धमाकेदार प्रदर्शन करना होगा। वैस आईपीएल-12 में रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर किंग्स इलेवन पंजाब के केएल राहुल (593) और केकेआर के आंद्रे रसेल (510) तीसरे स्थान पर है, लेकिन इन दोनों ही बल्लेबाजों की टीम प्ले ऑफ में जगह नहीं बना सकी है।
वहीं पर्पल कैप की बात की जाएं तो चेन्नई सुपर किंग्स के इमरान ताहिर के पास रबाडा को पीछे छोडऩे का मौका होगा। वह अभी तक 21 विकेट हासिल कर चुके हैं। चेन्नई को अब प्लेऑफ में कम से कम दो मैच खेलने हैं। दिल्ली के रबाडा पीठ दर्द के कारण दक्षिण अफ्रीका रवाना हो चुके हैं।
उन्होंने 12 मैचों में 25 विकेट हासिल किए हैं। वहीं अन्य गेंदबाजों की बात की जाएं तो हैदराबाद के खलील अहमद और मुंबई के जसप्रीत बुमराह 17-17 विकेट हासिल कर चुके हैं।