खेल डेस्क। भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं और इन्हें देखते हुए उन्हें किसी भी टीम में जगह दी जा सकती है, लेकिन पाकिस्तान के पूर्व धुंआधार क्रिकेटर शाहिद आफरीदी ने अपनी ऑल टाइम विश्व कप एकादश में सचिन तेंदुलकर को जगह नहीं देकर सभी को हैरान कर दिया है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद आफरीदी ने इस टीम में भारत को दो बार विश्व चैम्पियन बनवा चुके महेन्द्र सिंह धोनी, पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव और स्पिन गेंदबाज अनिल कुम्बले को भी जगह नहीं दी है।
इस टीम में भारत की ओर से केवल विराट कोहली को शामिल किया गया है। पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी ने अपनी 11 खिलाडिय़ों की इस टीम में खुद के देश के पांच, ऑस्ट्रेलिया के चार और दक्षिण अफ्रीका तथा भारत के एक-एक खिलाड़ी को शामिल किया है।
भारत के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर अपने क्रिकेट करियर में कुल छह विश्व कप खेल चुके हैं। उन्होंने इस दौरान 44 पारियों में 56.95 की औसत से 2278 रन बनाए। उन्होंने विश्व कप में 6 शतक लगाए हैं।
वहीं भारतीय पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को टी-20 और एक एक दिवसीय क्रिकेट में विश्व चैम्पियन बनवा चुके हैं। वहीं विश्व कप में टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान के प्रदर्शन की बात की जाए तो उन्होंने 17 पारियों में 587 रन बनाए हैं। इस दौरान विराट कोहली ने दो शतक और एक अर्धशतक लगाया है।
शाहिद आफरीदी की ऑल टाइम विश्व एकादश: सईद अनवर, एडम गिलक्रिस्ट, रिकी पोंटिंग, विराट कोहली, इंजमाम उल हक, जैक कालिस, वसीम अकरम, ग्लेन मैकग्रा, शेन वार्न, शोएब अख्तर और सकलेन मुश्ताक।