खेल डेस्क। स्पिनर राहुल चाहर (14 रन पर दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद सूर्यकुमार यादव (नाबाद 71 रन) की अर्धशतकीय पारी की सहायता से मुंबई इंडियंस ने गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स को आईपीएल-12 के पहले क्वालीफायर में 6 विकेट से शिकस्त देकर अपनी बादशाहत साबित की है। इस जीत के साथ ही तीन बार की चैम्पियन मुम्बई इंडियंस ने पांचवीं बार आईपीएल के फाइनल में जगह बना ली।
मुम्बई के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के सामने चेन्नई पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर केवल 131 रन ही बना सकी। इसके जबाव में सूर्यकुमार यादव की शानदार अर्धशतकीय की सहायता से मुम्बई इंडियंस ने 18.3 ओवर में चार विकेट पर 132 रन बनाकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। अब 12 मई को दूसरे क्वालीफायर की विजेता टीम फाइनल में मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी।
चेन्नई के खिलाफ इस मैच में जीत हासिल करने के साथ ही रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुम्बई इंडियंस ने कई खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए हैं। मुम्बई इंडियंस एक मात्र ऐसी टीम बन गई है जिसने चेन्नई सुपरकिंग्स को लगातार चार आईपीएल मैचों में हराया। यहीं नहीं मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को उनके घरेलू मैदान चेपाक मैदान पर पिछले सात के सात मुकाबलों में शिकस्त दी है। ये भी एक रिकॉर्ड है।
मुम्बई इंडियंस को छोडक़र अभी तक कोई भी टीम चेन्नई को लगातार उसके घरेलू मैदान पर इतने मैचों में नहीं हरा सकी है। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की कप्तानी में मुम्बई इंडियंस ने पांचवीं बार फाइनल में प्रवेश किया है। इससे पहले रोहित शर्मा की कप्तानी वाली ये टीम 2010, 2013, 2015 और 2017 में भी फाइनल मुकाबला खेल चुकी है।