Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

वेस्टइंडीज-आयरलैंड वनडे में बने ये दो विश्व रिकॉर्ड, सात रन और बना लेते तो कैम्पबेल और होप के नाम दर्ज हो जाता ये कीर्तिमान 

खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज जॉन कैम्पबेल और शाई होप की बड़ी शतकीय पारियों की बदौलत दो बार की विश्व चैम्पियन वेस्टइंडीज ने डब्लिन में रविवार को त्रिकोणीय एकदिवसीय शृंखला के पहले मैच में आयरलैड को 196 रन से शिकस्त दी।

कैम्पबेल (179) और होप (170) की पहले विकेट के लिए विश्व रिकॉर्ड साझेदारी की सहायता से वेस्टइंडीज ने तीन विकेट पर 381 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में आयरलैंड की टीम 34.4 ओवर में केवल 184 रन पर ही ढेर हो गई। वेस्टइंडीज की ओर से कैम्पबेल (179) और होप (170) ने पहले विकेट के लिए 365 रन की विश्व रिकॉर्ड साझेदारी की।

इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पाकिस्तान के फखर जमां और इमाम उल हक की पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। इन दोनों पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने 20 जुलाई 2018 को जिम्बाब्वे के खिलाफ 304 रन की विश्व रिकॉर्ड साझेदारी बनाई थी। हालांकि कैम्पबेल और होप केवल सात रन से एकदिवसीय क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बनाने से चूक गए।

किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का विश्व रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के ही क्रिस गेल और मार्लन सैमुअल्स के नाम दर्ज है। इन दोनों बल्लेबाजों ने 24 फरवरी 2015 को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 372 रन की साझेदारी निभाई थी। कैम्पबेल और होप ने इस मुकाबले में 150 रन से अधिक की व्यक्तिगत पारियां खेली। वनडे क्रिकेट में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने 150 से ज्यादा रन की पारी खेली हो।

कैम्पबेल ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 137 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और छह छक्के लगाए। जबकि होप ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 152 गेंदों का सामना करते हुए 22 चौके और दो छक्के लगाए।