Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

रियान पराग बने आईपीएल में हाफ सेंचुरी बनाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर

नई दिल्ली
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज रियान पराग ने अपने प्रदर्शन से इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में काफी प्रभावित किया है। रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फिरोजशाह कोटला मैदान पर जब टीम के अन्य बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए, वहीं पराग ने अपनी टीम के लिए उपयोगी हाफ सेंचुरी बनाई। इसके साथ ही वह आईपीएल में अर्धशतक बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर छक्का लगाकर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की।

घरेलू क्रिकेट में असम की ओर से खेलने वाले पराग ने 47 गेंदों पर अपनी पहली आईपीएल हाफ सेंचुरी जड़ी। पराग ने 17 साल 175 दिनों में अपनी हाफ सेंचुरी लगाई। उन्होंने संजू सैमसन का 6 साल पुराना रेकॉर्ड तोड़ा। सैमसन ने 2013 में 18 साल 169 दिनों की उम्र में हाफ सेंचुरी लगाई थी। पिछले सीजन में पृथ्वी साव (दिल्ली डेयरडेविल्स) ने सैमसन के रेकॉर्ड की बराबरी की थी।

पराग जब बल्लेबाजी करने आए तो उनकी टीम का स्कोर 5.2 ओवर में 4 विकेट पर 30 रन था। लग रहा था कि टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाएगी लेकिन इस युवा बल्लेबाज ने गजब का धैर्य दिखाते हुए बल्लेबाजी की। उन्होंने परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालते हुए बल्लेबाजी की। एक बार सेट होने के बाद उन्होंने आक्रामक शॉट भी खेले और राजस्थान के स्कोर को 115 के स्कोर तक पहुंचाया।