Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

चक्रवात फेनी से कलिंगा स्टेडियम को मामूली नुकसान, भुवनेश्वर में ही होगा हॉकी टूर्नामेंट

 नई दिल्ली
 
भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम को चक्रवात फेनी से मामूली नुकसान पहुंचा है, लेकिन हॉकी इंडिया ने बुधवार को कहा कि इससे शहर में अगले महीने होने वाले हॉकी सीरीज फाइनल्स की मेजबानी पर असर नहीं पड़ेगा। 6 से 15 जून तक होने वाले इस टूर्नामेंट को ओडिशा की राजधानी से लखनऊ या रायपुर स्थानांतरित करने की अटकलों को खारिज करते हुए हॉकी इंडिया के शीर्ष अधिकारी ने कहा कि ऐसा कोई फैसला नहीं किया गया है और राष्ट्रीय संस्था भुवनेश्वर में प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए प्रतिबद्ध है।

हॉकी इंडिया के एक शीर्ष अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ''मुझे नहीं पता कि ये खबरें कहां से आती हैं लेकिन आयोजन स्थल को स्थानांतरित करने को लेकर ओडिशा सरकार के साथ हमारी कोई चर्चा नहीं हुई।''

फेडरर ने तीन साल बाद क्ले कोर्ट पर वापसी करते हुए हासिल की जीत 
उन्होंने कहा, ''हम ओडिशा सरकार के अधिकारियों के संपर्क में हैं और हमें बताया गया है कि हॉकी स्टेडियम को मामूली नुकसान हुआ है। हॉकी इंडिया के अधिकारी टर्फ के हालात का आकलन करने इस हफ्ते भुवनेश्वर जाएंगे और आधिकारिक टीम होटल में स्थिति का जायजा लेंगे।''

अधिकारी ने कहा, ''इस जरूरत के समय हम हॉकी इंडिया में ओडिशा सरकार को हर तरह की मदद मुहैया कराने को तैयार हैं। हमारी संवेदना चक्रवात से पीड़ित लोगों और परिवारों के साथ है।''